थाना दिवस पर डीएम और एसपी ने सुनी जनता की फरियाद, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गाजीपुर में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित “थाना दिवस” के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने थाना बिरनो पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान आमजन द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए डीएम व एसपी ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उसका शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में उच्च स्तर की कार्रवाई अपेक्षित है, उनकी रिपोर्ट तत्काल तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाए, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





