ग्राम पंचायत मलसा में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची सार्वजनिक, पंचायत भवन पर चस्पा
पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों को दी गई जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित
रिपोर्ट: राघवेन्द्र कुमार
मोहम्मदाबाद/भांवरकोल (गाजीपुर)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मलसा में पात्रता सूची को पंचायत भवन पर सार्वजनिक रूप से चस्पा किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराना तथा सूची में शामिल लाभार्थियों के संबंध में किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव दर्ज कराने का अवसर प्रदान करना है।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी कृपेष कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए शासन के निर्देशानुसार पात्रता सूची को सार्वजनिक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्रामीण को सूची में किसी प्रकार की त्रुटि प्रतीत होती है या कोई पात्र व्यक्ति छूट गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सूची का अवलोकन करें और योजना से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए ग्राम पंचायत अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए और चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान ग्राम प्रधान गीता देवी, सहायक सचिव पुष्पा चौरसिया, निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय शंकर राम, धर्मेन्द्र कुमार, श्रीराम भारती, समूह सखी मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सूची का अवलोकन किया और योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीणों ने शासन की इस पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पात्रता सूची सार्वजनिक होने से चयन प्रक्रिया में विश्वास बढ़ेगा और वास्तविक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी





