प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची ग्राम पंचायत चांदपुर में सार्वजनिक, पारदर्शिता की दिशा में अहम पहल
रिपोर्ट : राघवेन्द्र कुमार
मोहम्मदाबाद/भांवरकोल (गाजीपुर)। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास खंड भांवरकोल की ग्राम पंचायत चांदपुर में पात्रता सूची को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया।

ग्राम पंचायत अधिकारी कृपेश कुमार द्वारा पंचायत भवन पर प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची चस्पा कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती आशा यादव, पंचायत सचिव कृपेश कुमार तथा पंचायत सहायक बबली यादव की उपस्थिति में सूची को सार्वजनिक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पात्रता सूची को सार्वजनिक करने का मुख्य उद्देश्य योजना में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना तथा ग्रामीणों को चयन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराना है। सूची में शामिल लाभार्थियों के नामों का अवलोकन कर ग्रामीण अपनी आपत्तियां अथवा सुझाव निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित विभाग को दे सकते हैं।
ग्राम पंचायत अधिकारी कृपेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा रहा है। किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ न मिले तथा कोई पात्र परिवार वंचित न रह जाए, इसके लिए सूची को सार्वजनिक किया गया है।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पात्रता सूची सार्वजनिक होने से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों का विश्वास मजबूत होगा। पंचायत भवन पर सूची चस्पा किए जाने के बाद ग्रामीणों ने सूची का अवलोकन किया तथा योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
ग्राम पंचायत चांदपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें योजना के नियमों एवं पात्रता मानकों की जानकारी भी दी गई।





