दहेज उत्पीड़न मामले में बिरनो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पति, सास और ससुर गिरफ्तार
रिपोर्ट: सुनील गुप्ता
बिरनो (गाजीपुर)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिरनो थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना बिरनो पर मु0अ0सं0 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी क्रम में 25 जून 2026 को उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग एवं अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान पर थे। इस दौरान पुलिस टीम ने मुकदमे से संबंधित तीनों नामजद आरोपियों को उनके आवास बिरनो बनकटवा से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में उमा राम पुत्र स्वर्गीय गनेश राम, अशोक राम पुत्र उमा राम तथा लाल देवी पत्नी उमा राम, निवासी बिरनो बनकटवा, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर शामिल हैं।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





