गाजीपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 39 चालक पकड़े गए
रिपोर्ट सुनील गुप्ता

गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से गाजीपुर पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तक विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। बिरनो टोल प्लाजा समेत विभिन्न मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर की गई चेकिंग के दौरान 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में आठ टीमों का गठन किया गया। टीमों ने बिरनो टोल प्लाजा की आठों लेन पर सघन जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाले वाहनों, रोडवेज बसों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों समेत कुल 319 वाहनों की जांच की गई। जांच में 39 वाहन चालक शराब के नशे में पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्रंकन ड्राइविंग की कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया।
इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 अन्य वाहनों के खिलाफ भी एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई इस कार्रवाई में करीब 4 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया तथा प्रवर्तन और चालान की कार्रवाई की गई।





