गाजीपुर। जनपद के मनिहारी क्षेत्र अंतर्गत मधुबन ग्राम सभा में होली मिलन समारोह इस बार खासा चर्चाओं में है। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख पद के भावी प्रत्याशी के रूप में राजनीतिक हुंकार भरे जाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन में वर्तमान प्रधान संगठन के अध्यक्ष व मधुबन ग्राम पंचायत के प्रधान राकेश सिंह अंशु अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए आगामी ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत करने का संदेश देंगे।
बताया जा रहा है कि इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में समर्थक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन होली मिलन के अवसर पर किया जा रहा है, जिसमें सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया जाएगा।
साथ ही क्षेत्रीय विकास और आने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
इस आयोजन में एमएससी गाजीपुर के विशाल सिंह ‘चंचल’ की अगुवाई में भी बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की बात कही जा रही है। उनके नेतृत्व में युवाओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से यह कार्यक्रम क्षेत्र में खासा महत्व रखता है, क्योंकि इसे आगामी ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
होली मिलन समारोह के बहाने समर्थकों का जुटान और शक्ति प्रदर्शन क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।
ग्रामीणों और समर्थकों का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देंगे। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब देखना यह होगा कि मधुबन में होने वाला यह होली मिलन समारोह सामाजिक आयोजन के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीति में कितना असर डालता है।





