सुनील गुप्ता
गाजीपुर। बिरनो थाना पुलिस को शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। जहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 5 गोवंश (बछड़े) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।जानकारी के अनुसार बिरनो थानाध्यक्ष के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रभात कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ‘सम्राट ढाबा’ के पास बिरनो की तरफ से आने वाले कट (ग्राम आराजी ओडासन) पर गौ तस्कर गोवंश लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध टाटा पिकअप को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में क्रूरतापूर्वक लदे हुए 5 गोवंश (बछड़े) बरामद किए गए। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जो जनपद मऊ के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष पुत्र धर्मदेव निवासी ग्राम अलीपुर बगली थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ तथा उत्तम चंद भारती पुत्र श्यामचरन राम निवासी खिरिया थाना रानीपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद गोवंशों और टाटा पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रभात कुमार, हेड कांस्टेबल रामसेवारथ, कांस्टेबल राजू वर्मा सहित पुलिस टीम में शामिल रहे।





