गाजीपुर में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, काली फिल्म और तीन सवारी पर चला सघन अभियान
रिपोर्ट: सुनील गुप्ता
गाजीपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर जनपद गाजीपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में बुधवार (01 जुलाई 2026) को पूरे जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान काली फिल्म लगाकर वाहन चलाने वाले और तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की।

अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने किया। जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का भी परीक्षण किया गया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान काली फिल्म लगी 15 गाड़ियों को चिन्हित कर उनके चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने वाले 40 वाहन चालकों का चालान किया गया। कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वाहनों पर काली फिल्म लगाना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर उल्लंघन है, वहीं तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।





