‼️उपद्रवियों को छुड़ाने पहुंचे ‘नेताजी’!…पुलिस नहीं झुकी दबाव में तो…‼️
कार्रवाई से बौखलाकर छुटभैया नेता ने!..सोशल मीडिया पर फैलाया एआई ऑडियो
मार्च शनिवार 7-3-2026
सोशल मीडिया पर भुड़कुड़ा पुलिस की छवि धूमिल करने वाले लोगों पर पुलिस जल्द करेगी मुकदमा दर्ज
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की छवि को धूमिल करने की कोशिश का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ उपद्रवी युवकों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई से नाराज एक स्थानीय छुटभैया नेता ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एआई जेनरेटेड ऑडियो और भ्रामक पोस्ट वायरल कर पुलिस की छवि खराब करने का प्रयास किया।
मिली जानकारी के अनुसार, भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में बीते दिनों कुछ युवकों द्वारा शराब के नशे में राहगीरों से बदसलूकी और हंगामा करने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे चार-पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस द्वारा की गई जांच-पड़ताल में यह भी सामने आया कि पकड़े गए कुछ युवक पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रह चुके हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है।
इसी बीच इन युवकों को छुड़ाने के लिए एक स्थानीय नेता थाने पहुंच गए और अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए पुलिस पर दबाव बनाने लगे। बताया जाता है कि उन्होंने कई लोगों को फोन कर भी युवकों को छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव डालने की कोशिश की। हालांकि भुड़कुड़ा कोतवाल श्याम जी यादव ने साफ शब्दों में कह दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*_कोतवाल का स्पष्ट कहना था कि “दोस्ती मुझसे हो सकती है, लेकिन वर्दी से नहीं। अगर कोई गलत करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।”_* पुलिस के इस सख्त रुख के चलते दबाव काम नहीं आया और सभी युवकों का विधिक कार्रवाई के तहत चालान कर दिया गया।
बताया जाता है कि पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज उक्त नेता ने भुड़कुड़ा पुलिस की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एआई से तैयार ऑडियो क्लिप और भ्रामक पोस्ट वायरल कर दी। हालांकि क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ नेता अपने राजनीतिक हित साधने के लिए असामाजिक तत्वों को संरक्षण देते हैं, जिससे समाज में अपराध को बढ़ावा मिलता है। लोगों ने ऐसे नेताओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।
उधर भुड़कुड़ा पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मना सकें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





