शिवपुर ग्राम पंचायत में मनरेगा व विकास कार्यों में गड़बड़ी, जांच की मांग
गाज़ीपुर/जखनियां। विकास खंड जखनियां के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत शिवपुर में वित्त वर्ष 2021-22 से अब तक कराए गए मनरेगा और अन्य विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम पंचायत शिवपुर में ग्राम प्रधान द्वारा आवास योजना, इंटरलॉकिंग, सड़क निर्माण, नाली, शौचालय निर्माण, स्ट्रीट/सोलर लाइट, ह्यूम पाइप, वृक्षारोपण, कुर्सी खरीद आदि 15 मदों में लाखों रुपये के वित्तीय गबन किए गए हैं।
मुख्य आरोप और अनियमितताएं
1.आवास योजना में घोटाला
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ नहीं मिला, बल्कि प्रधान ने अपने रिश्तेदारों और नजदीकी लोगों को ही आवास आवंटित कर दिए। इतना ही नहीं, अवैध रूप से धन लेकर कुछ अपात्र लोगों को भी लाभ पहुंचाया गया।
2.इंटरलॉकिंग व सड़क निर्माण में धांधली
ग्राम पंचायत में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य अधूरे हैं, लेकिन पूरा भुगतान दिखा दिया गया है। वहीं, नई इंटरलॉकिंग के नाम पर पुराने इंटरलॉकिंग कार्यों की मरम्मत को ही नया दिखाकर बजट पास कराया गया।
3.अन्य योजनाओं में वित्तीय गड़बड़ी
इसके अलावा शौचालय निर्माण, सोलर लाइट, नाली निर्माण, ह्यूम पाइप और वृक्षारोपण जैसे कार्यों में भी धन के दुरुपयोग और फर्जी भुगतान के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने की जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और ईमानदारी बनी रहे।





