पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, थाना अध्यक्ष के.पी. सिंह ने दी सख्त हिदायतें
गाजीपुर। आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को लेकर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में थाना बहरियाबाद परिसर में थाना अध्यक्ष के.पी. सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, व्यापारी गण, समाजसेवी तथा विभिन्न समुदायों के सम्मानित लोग मौजूद रहे। इस दौरान थाना अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को उच्च अधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों से अवगत कराया और कहा कि सभी त्यौहार आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाएं।
थाना अध्यक्ष के.पी. सिंह ने कहा कि दीपावली व छठ जैसे पावन पर्व पर किसी प्रकार की अफवाहों या विवादों से बचें। धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था, पटाखों की बिक्री, सुरक्षा व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति पर भी चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि त्योहार शांति और एकता के साथ मनाया जाएगा।
थाना बहरियाबाद में धनतेरस, दीपावली, छठ पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक
थाना अध्यक्ष के.पी. सिंह ने सौहार्दपूर्वक पर्व मनाने की अपील की
उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशों से कराया गया अवगत
शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क





