गाजीपुर में श्रीमद् भागवत सद्भावना सत्संग ज्ञानयज्ञ 19 से 25 अप्रैल तक, संतों के प्रवचनों से गूंजेगा सलेमपुर बघाई सादात
अक्षय तृतीया से शुरू होगा सात दिवसीय आयोजन, समापन पर विभू जी महाराज और महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी महाराज की विशेष उपस्थिति
गाजीपुर। जनपद के सादात क्षेत्र स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज सलेमपुर बघाई परिसर में आगामी 19 से 25 अप्रैल तक भव्य श्रीमद् भागवत सद्भावना सत्संग ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. संतोष कुमार यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि यह सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन अक्षय तृतीया के पावन अवसर, 19 अप्रैल (रविवार) से प्रारंभ होकर 25 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात 8:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों से पधारे विद्वान संत एवं पूज्य महात्मा श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा एवं सत्संग के माध्यम से धर्म, ज्ञान और सद्भावना का संदेश देंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों की स्थापना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है।
आयोजन स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के समापन दिवस पर पूज्य विभू जी महाराज एवं महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उनके आशीर्वचन से श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करेंगे।
डॉ. संतोष कुमार यादव ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इस पवित्र आयोजन में शामिल होकर ज्ञान, भक्ति और सत्संग की गंगा में स्नान करें तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें।





