साइबर सेल की बड़ी सफलता : 72 घंटे में वापस कराए ₹2.16 लाख
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर, सुनील गुप्ता , गाजीपुर पुलिस की साइबर सेल टीम ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्य करते हुए साइबर ठगी का शिकार बने एक व्यक्ति की मेहनत की कमाई को बचाने में सफलता प्राप्त की है। साइबर सेल की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते 72 घंटे के भीतर ₹2,16,640/- की रकम वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रामदरश सिंह यादव पुत्र मुसाफिर यादव निवासी ग्राम चकसिकन्दरा, पोस्ट अलावलपुर, थाना जंगीपुर, जनपद गाजीपुर के साथ यूपीआई (UPI) के माध्यम से ऑनलाइन फ्रॉड किया गया था। ठगी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने पर साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक श्री शिवाकान्त मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंक और भुगतान गेटवे से समन्वय बनाते हुए साइबर टीम ने ट्रांजेक्शन को ट्रैक किया और ठगी की गई पूरी धनराशि ₹2,16,640/- को सुरक्षित खाते में होल्ड कराकर आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को पीड़ित के खाते में वापस करवा दिया।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए कहा कि –
जनपद पुलिस आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चला रही है। साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित सूचना देने से धनराशि वापस कराने की संभावना अधिक रहती है। प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।”
साइबर सेल प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने भी लोगों से अपील की अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक डिटेल किसी को साझा न करें, और संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।”





