भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख की जोरदार मांग – वीरपुर में लगेगा 33 केवी पावर सब-स्टेशन, अब नहीं रहेगी अंधेरे की मार!
गाजीपुर।
भांवरकोल ब्लॉक क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर अब माहौल गर्म हो गया है। भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र की जनता की आवाज बुलंद करते हुए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को सीधी चिट्ठी लिखी है। वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद राय “मुन्ना” के माध्यम से भेजे गए इस पत्र में मांग की गई है कि 378 विधानसभा मुहम्मदाबाद के ग्राम पंचायत वीरपुर में 33 केवी पावर सब-स्टेशन का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए।
पत्र में साफ लिखा गया है कि फिलहाल इस पूरे क्षेत्र में कोटवा नारायणपुर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती है, जो बहुत दूर होने के कारण आए दिन बाधित रहती है। इससे वीरपुर फीडर के उपभोक्ताओं को घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है। विद्युत विभाग ने सब-स्टेशन के लिए प्रस्ताव तो भेजा है, यहां तक कि ग्राम प्रधान वीरपुर ने जमीन भी आवंटित कर दी है, लेकिन विभागीय स्तर पर कार्रवाई अब तक ठंडे बस्ते में पड़ी है।
भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख ने सीएम से मांग की है कि इस मुद्दे पर तुरंत आदेश जारी कर जनता को अंधेरे से निजात दिलाई जाए। क्षेत्र के लोग भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही यह पावर सब-स्टेशन बनकर तैयार होगा और उनके घरों में रोशनी लौटेगी।
जनता की जुबां – “ब्लॉक प्रमुख जी, हमारी आवाज सरकार तक पहुँचाई है, अब उम्मीद है बिजली की कटौती से राहत मिलेगी!”





