जमानिया ब्लॉक में मनरेगा घोटाले का काला खेल!
गाजीपुर जनपद के जमानिया ब्लॉक अंतर्गत देवधी ग्राम सभा में मनरेगा योजना का हाल बेहाल है। सरकारी पैसे से गांव का विकास होना चाहिए, लेकिन यहां तो विकास की जगह भ्रष्टाचार की फसल लहराती दिख रही है।
सूत्रों के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान के साथ रोजगार सेवक की मिलीभगत से फर्जी हाजिरियों का खेल खुलेआम चल रहा है। मजदूरों की साइट पर मौजूदगी के बिना ही मोबाइल से फोटो खींच-खींचकर 71 लीगो हाजरी लगाई जा रही है, और मजदूरी का पैसा सीधा गबन हो रहा है। गांव में चर्चा है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन विभाग के अधिकारी मानो गहरी नींद में हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि “काम कम, भ्रष्टाचार ज्यादा” – यही देवधी ग्राम सभा की असली कहानी बन चुकी है। लाखों रुपए की धनराशि कहां जा रही है, इसका कोई हिसाब-किताब नहीं। विभागीय अधिकारी इस पर चुप्पी साधे बैठे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
लोग सवाल उठा रहे हैं – क्या मनरेगा योजना गरीबों के रोजगार के लिए है या अधिकारियों और प्रधानों की जेबें भरने के लिए?
अगर समय रहते उच्चाधिकारियों ने इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो जमानिया ब्लॉक में मनरेगा घोटाले की यह आग और भी भड़क सकती है।






