मगई नदी का कहर: मुहम्मदाबाद तहसील के किसान बेहाल, जलभराव की समस्या पर ब्लॉक प्रमुख ने सीएम योगी से लगाई गुहार
गाज़ीपुर/मुहम्मदाबाद।
मगई नदी का जलभराव मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए अभिशाप बन चुका है। बरसात के बाद खेतों में जमा पानी महीनों तक निकलता नहीं, जिससे हजारों एकड़ उपजाऊ जमीन पर खेती ठप हो जाती है। किसानों की हालत यह हो गई है कि वे आर्थिक संकट में डूबते जा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं।
इस गंभीर समस्या को लेकर मुहम्मदाबाद तहसील के ब्लॉक प्रमुख आनंद राय ‘मुन्ना’ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर गुहार लगाई है। पत्र में स्पष्ट तौर पर बताया गया है कि मगई नदी के कारण हर साल बरसात के बाद खेतों में पानी महीनों तक जमा रहता है। इतना ही नहीं, शारदा नहर से अज़मगढ़ की ओर पानी छोड़े जाने के बाद भी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होती, जिससे किसानों की कमर टूट रही है।
ब्लॉक प्रमुख आनंद राय ‘मुन्ना’ ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जलभराव की इस विकराल समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि किसान चैन की सांस ले सकें। उनका कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कहा कि आखिरकार कोई तो है जो किसानों की पीड़ा को सरकार तक पहुंचा रहा है। अब देखना यह होगा कि सीएम योगी किसानों के इस दर्द को कितनी जल्दी दूर कर पाते हैं।





