गाजीपुर, 26 जून।
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
जनपद में आम जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिले के पांच प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश को जांच हेतु प्रेषित किए गए।

यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. दिनेश कुमार तथा आर.सी. पांडेय, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II गाजीपुर के दिशा-निर्देशन में की गई, जिसकी कमान संभाली थी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्रा ने। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, वीरेंद्र यादव, पंकज कुमार कनौजिया तथा अरविंद प्रजापति की सक्रिय भागीदारी रही।
कहां से लिए गए नमूने:
लालचन्द विश्वकर्मा के प्रतिष्ठान (सिधौना) से बर्फी
मेसर्स न्यू सद्गुरु मिष्ठान भंडार (सिधौना) से रसगुल्ला
के.के. चाट कॉर्नर (मिथिलेश कश्यप, सिधौना) से गुलाब जामुन
दुग्ध विक्रेता मुकेश कुमार यादव (छावनी लाइन) से गाय का दूध
मेसर्स विश्वनाथ स्वीट्स एंड बेकर्स (उमा देवी, सिधौना) से छेना मिठाई
संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावट किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को भी चेताया कि अगर मानकों के विपरीत कोई गतिविधि पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





