गाजीपुर की बेटी का जलवा: 99% अंक लाकर वैष्णवी सिंह बनीं जिले की टॉपर
“लगन, मेहनत और अनुशासन का कमाल—यूसुफपुर की वैष्णवी ने रचा इतिहास”
“जहां चाह, वहां राह—नवोदय की छात्रा वैष्णवी ने दिखाया टॉप करने का दम”
गाजीपुर। जनपद की मेधावी छात्रा वैष्णवी सिंह ने सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। जवाहर नवोदय विद्यालय गाजीपुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों और शुभेच्छुओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वैष्णवी सिंह मनिहारी क्षेत्र पंचायत के यूसुफपुर गांव की निवासी हैं। वह गांव के पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह की पौत्री तथा आशीष कुमार सिंह और पूजा सिंह की पुत्री हैं। उनके पिता आशीष कुमार सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में कासिमाबाद क्षेत्र में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं।
बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लगनशील रही वैष्णवी ने कक्षा 8 तक की शिक्षा प्रियंका मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल, यूसुफपुर (गाजीपुर) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर नवोदय विद्यालय गाजीपुर में प्रवेश लिया, जहां रहकर उन्होंने अपनी पढ़ाई को नई दिशा दी और यह मुकाम हासिल किया।
अपनी इस सफलता का श्रेय वैष्णवी ने अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया।
उन्होंने कहा कि “किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए सच्ची लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी होते हैं।”
वैष्णवी की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन के दम पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।





