रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर। मेघालय के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। गाजीपुर पुलिस ने मामले में फरार चल रही राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी को गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वह नंदगंज स्थित काशी चाय जायका ढाबे पर संदिग्ध अवस्था में पाई गई, जहां से पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी से इस सनसनीखेज हत्याकांड में कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने सोनम को जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा, जिसके बाद उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। फिलहाल सोनम पुलिस के सवालों के जवाब नहीं दे रही है। इस बाबत एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि मेघालय पुलिस को सूचना भेज दी गई है और वहां से एक टीम गाजीपुर रवाना हो चुकी
हनीमून पर गया जोड़ा, पति की लाश मिली, पत्नी हुई लापता
मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी नवविवाहित दंपती राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी दो जून को मेघालय के शिलांग में हनीमून के लिए गए थे। उसी दिन दोनों लापता हो गए। बाद में राजा का शव एक पहाड़ी खाई से बरामद किया गया, जबकि सोनम का कोई सुराग नहीं मिल सका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेघालय पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले चौंकाने वाले राज
राजा रघुवंशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। हत्या के बाद शव को खाई में फेंक दिया गया था, जिससे शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। शिलांग के एसपी विवेक सिम ने बताया कि घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त दाओ (धारदार हथियार) भी बरामद हुआ, जो बिल्कुल नया था। आशंका है कि इसे खास तौर पर हत्या के इरादे से खरीदा गया था।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
इस हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने मध्यप्रदेश के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी से पहले तक वह फरार चल रही थी। पुलिस का कहना है कि एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।





