विश्व थायरॉयड दिवस पर गाजीपुर मेडिकल कॉलेज को बड़ी सफलता, जटिल थायरॉयड कैंसर सर्जरी सफल
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर। विश्व थायरॉयड दिवस के अवसर पर महर्षि विश्वामित्र ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर के ईएनटी विभाग ने जटिल थायरॉयड कैंसर से पीड़ित एक मरीज का सफल ऑपरेशन कर बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता को मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मरीज लंबे समय से गर्दन में सूजन, दर्द और दबाव की समस्या से परेशान था। परिजनों के अनुसार मरीज ने पहले बीएचयू और टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट में भी इलाज के लिए संपर्क किया था, लेकिन वहां ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार बताया गया। लगातार बढ़ती समस्या के बाद मरीज ने गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में उपचार के लिए संपर्क किया।


मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीज की गहन जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद जटिल सर्जरी की योजना बनाई। ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश यादव के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक “टोटल थायरॉयडेक्टॉमी” सर्जरी को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में डॉ. सबा जमाल और डॉ. फैज की भी अहम भूमिका रही।
सर्जरी के बाद मरीज की हालत सामान्य और स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकों की दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज लगातार क्षेत्र की जनता को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।





