गाज़ीपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 5 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बिरनो पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी सफलता
गाज़ीपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाज़ीपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिरनो थाना पुलिस ने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन स्थित गन्नापुर प्राथमिक विद्यालय के पास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 700 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार यादव को सूचना मिली थी कि गन्नापुर प्राथमिक विद्यालय के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंद्रजीत विश्वकर्मा पुत्र विनोद विश्वकर्मा निवासी अरशदपुर थाना जंगीपुर तथा अरशद जमाल उर्फ मेराज पुत्र गुल मोहम्मद निवासी जंगीपुर नगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात भी बिरनो थाना पुलिस ने मीरपुर पुलिया के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार कर 300 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई थी। कुछ ही दिनों के भीतर करीब 7.5 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद कर बिरनो पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस सफलता के पीछे थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल रामसेवारथ, कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल विकास द्विवेदी और कांस्टेबल अभिनव पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।





