सुनील गुप्ता
गाज़ीपुर: पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज़ राजा द्वारा थाना बिरनो का वार्षिक निरीक्षण, जनसेवा में और मजबूती लाने पर ज़ोर
गाज़ीपुर, 21 अप्रैल 2025 — जनपद गाज़ीपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज़ राजा द्वारा आज थाना बिरनो का वार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, CCTNS कक्ष, भोजनालय, बैरक, हवालात, शौचालय, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार एवं अपराध रजिस्टर आदि का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों हेतु दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
जनसुनवाई को और अधिक प्रभावशाली व संवेदनशील बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करें।
पुलिस विभाग की जन-सेवा भावना को और मजबूत करते हुए, थाना क्षेत्र के चौकीदारों को साफा एवं टॉर्च वितरित किए गए, जिससे उनकी कार्यक्षमता और सम्मान दोनों में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकार कासिमाबाद, थानाध्यक्ष बिरनो एवं अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। यह निरीक्षण पुलिस की जन-उत्तरदायी और सेवा-समर्पित छवि को और मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ।





