सुनील गुप्ता
गाजीपुर: जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में बुधवार को शहर के प्रमुख संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च कोतवाली, मिश्र बाजार, विश्वेश्वरगंज, लंका, रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर निकाला गया।
मार्च के दौरान पुलिस बल ने डंडा और बॉडी प्रोटेक्टर जैसे सुरक्षात्मक उपकरणों का इस्तेमाल किया, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से तत्परता से निपटा जा सके। आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करने और अपराधियों में भय उत्पन्न करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा, “फ्लैग मार्च पुलिस की सक्रियता का प्रतीक है और इसका उद्देश्य लोगों में यह भरोसा कायम करना है कि पुलिस हर स्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार है।” उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कानून व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान SP ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों का दौरा किया और पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा सतर्कता का जायजा लिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि गश्ती दल नियमित रूप से सक्रिय रहें और आम जनता के साथ संवाद बनाकर रखें।
इस अवसर पर अपर
पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र नाथ नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आम नागरिकों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की और कहा कि इससे उनमें सुरक्षा की भावना और विश्वास दोनों मजबूत हुआ है।
डॉ. ईरज राजा ने अंत में कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि गाजीपुर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि हर नागरिक निडर होकर अपने जीवन को जी सके।”





