रिपोर्ट: सुनील गुप्ता
गाज़ीपुर।
बरहपुर में साकार हुआ डिजिटल भारत का सपना, ग्राम सचिवालय और पुस्तकालय का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित ग्राम सभा ने रचा नया इतिहास
देवकली ब्लॉक अंतर्गत मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त ग्राम सभा बरहपुर बुधवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनी, जब यहां नवनिर्मित ग्राम सचिवालय और अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी (ग्राम पुस्तकालय) का भव्य शुभारंभ किया गया। लोकार्पण समारोह में उपस्थित जनसमुदाय की तालियों की गूंज ने इस उपलब्धि को और गौरवपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री विशाल सिंह चंचल एवं पूर्व चेयरमैन जिला सहकारी बैंक श्री अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर इन सुविधाओं का शुभारंभ किया। विशेष रूप से सुसज्जित ग्राम सचिवालय परिसर में माहौल पूरी तरह से उत्सवी बना रहा।
ग्राम प्रधान श्री विजय कुमार सिंह ‘सबलू’ ने मुख्य अतिथियों का पुष्पहार और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में श्री चंचल ने कहा, “बरहपुर की यह पहल डिजिटल भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी। यह न केवल गांव को तकनीक से जोड़ने का प्रयास है, बल्कि शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं के लिए नए द्वार खोलने का भी कार्य है।” उन्होंने ग्राम प्रधान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से गांवों का भविष्य उज्जवल होगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र लाल यादव, जिला पंचायत सदस्य भोला बिंद, अभय सिंह, सतेन्द्र यादव ‘सत्या’, देवेंद्र सिंह, शिवप्रसाद सिंह, अभिषेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रतीक सिंह कुश ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह उपलब्धि पूरे गांव की साझी सफलता है, जिसे हम मिलकर आगे और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”





