सुनील गुप्ता
उमेश चन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न
प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 134वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, ए.आर. कोऑपरेटिव, सहायक युवा कल्याण अधिकारी, जिला बचत अधिकारी डॉ. शैलेश कुमार, लेखाकार ग्राम्य विकास अभिकरण जय नाथ प्रसाद, तथा नाजिर विकास भवन धनेश कुमार चौहान सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी हुआ, जिसमें डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों और उनके समाज सुधार कार्यों पर चर्चा की गई। अपने संबोधन में प्रभारी जिलाधिकारी श्री उमेश चन्द्र तिवारी ने कहा:
> “भारत के इतिहास में जन्मे कई महापुरुषों में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का नाम अग्रणी है। उन्होंने समाज, शिक्षा, राजनीति और न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए। वे संविधान निर्माता, महान विचारक और समाज सुधारक थे।”

उन्होंने डॉ. अंबेडकर के प्रसिद्ध कथन “मैं मूर्तियों में नहीं, किताबों में हूं। मुझे पूजने की नहीं, पढ़ने की जरूरत है” को उद्धृत करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
इसके पश्चात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का शपथ दिलाई गई, जिसमें भारत को एक समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने की प्रतिज्ञा ली गई।
साथ ही जिला सूचना कार्यालय में भी जिला सूचना अधिकारी डॉ. धनपाल सिंह एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।





