दर्दनाक हादसा: परसदा गांव में करंट लगने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट: सौरभ कुमार
गाजीपुर/मोहम्मदाबाद। तहसील मोहम्मदाबाद के भांवरकोल क्षेत्र अंतर्गत परसदा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय किसान की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसदा गांव निवासी जोखू राम पुत्र दीपूराम (55 वर्ष) रविवार सायं करीब 7 बजे अपने धान के खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास मौजूद बिजली के खुले तार की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, जबकि बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते खुले तारों की मरम्मत कर दी गई होती तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।





