प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची पंचायत भवन पर चस्पा
रिपोर्ट: राघवेन्द्र कुमार
गाजीपुर। जनपद के मोहम्मदाबाद विकास खंड अंतर्गत भांवरकोल क्षेत्र पंचायत की ग्राम पंचायत मुरकी अगाध में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से पंचायत भवन पर चस्पा की गई। यह कार्य ग्राम पंचायत में आयोजित खुली बैठक के उपरांत पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
ग्राम पंचायत मुरकी अगाध के पंचायत भवन पर आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित लाभार्थियों की सूची का अवलोकन कराया गया। इसके बाद सूची को सार्वजनिक सूचना के लिए पंचायत भवन की दीवार पर चस्पा कर दिया
गया ताकि ग्रामवासी लाभार्थियों के नाम देख सकें और किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव होने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत करा सकें।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी क्रिपेष कुमार, ग्राम प्रधान ओमप्रकाश तथा पंचायत सचिव राजेश कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं आवासहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
ग्राम प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया है तथा किसी भी पात्र व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रिया को खुली बैठक के माध्यम से संपन्न कराया गया। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी क्रिपेष कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि सूची के संबंध में कोई आपत्ति या जानकारी हो तो समय रहते पंचायत कार्यालय में संपर्क करें।





