रिपोर्ट ,सुनील गुप्ता (एडिटर इन चीफ)
गाजीपुर जनपद के जंगीपुर स्थित मॉर्निंग बेल्स पब्लिक स्कूल एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में मिसाल कायम करता नजर आया। विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली “ब्राइट फ्यूचर स्कॉलरशिप परीक्षा” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह परीक्षा पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें किसी भी विद्यालय के छात्र-छात्राएँ भाग ले सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य केवल परीक्षा आयोजित करना नहीं, बल्कि छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें सही दिशा देना है। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप प्रदान कर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों की संपूर्ण शिक्षा का खर्च संस्था द्वारा वहन करने की घोषणा की गई, ताकि उनकी पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो।
विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल, पंखे और घड़ियाँ भी भेंट कीं। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान डायरेक्टर दीप्तांशु यादव जी ने अपने हाथों से बच्चों को सम्मानित किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा उन बच्चों के साथ खड़ा रहेगा, जिनमें प्रतिभा तो है, लेकिन आर्थिक परिस्थितियाँ उनके सपनों की राह में बाधा बनती हैं।
इस अवसर पर चेयरमैन माया मैम की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया।





