पत्रकार एकजुटता का महापर्व: गाज़ीपुर में गूंजा ‘प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ का शपथ संकल्प
गाज़ीपुर, 22 फरवरी 2026।
जिला पंचायत सभागार रविवार को पत्रकारिता के उत्साह, ऊर्जा और एकजुटता का साक्षी बना, जब ‘प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ का भव्य शपथ ग्रहण एवं परिचय पत्र वितरण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
समारोह की शुरुआत संगठन के उद्देश्य और पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए हुई। मंच से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि ग्रामीण पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सशक्त मंच देने का माध्यम है।
नई टीम को सौंपी गई कमान
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिंह को जिला अध्यक्ष और वसीम रज़ा को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही प्रदीप शर्मा को सह सचिव, अनिल कुमार और शिवेश कुमार पाण्डेय ‘पंकज’ को उपाध्यक्ष, सुजीत कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष तथा सुनील गुप्ता को आय-व्यय निरीक्षक के रूप में शपथ दिलाई गई।
जिला कार्यकारिणी में प्रभाकर सिंह और सुनील सिंह को भी पद एवं परिचय पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भड़ास मीडिया के एडिटर इन चीफ यशवंत सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने पत्रकारों से सच्चाई के साथ खड़े रहने और दबाव से मुक्त होकर काम करने का आह्वान किया।





नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं। वे कमियों को उजागर करें, लेकिन विकास कार्यों को भी सकारात्मक दृष्टि से सामने लाना उतना ही आवश्यक है।
क्षत्रिय युवा महासभा के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने पत्रकारों के जोखिम भरे कार्यों का जिक्र करते हुए सरकार से उनके लिए मानदेय और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्र ने बलिया और गाजीपुर के पत्रकारों के बीच भाईचारे और एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि एसोसिएशन पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए मजबूत ढाल का कार्य करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संगठन पत्रकारों के लिए बीमा योजना लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा, ताकि कठिन परिस्थितियों में उनके परिवारों को संबल मिल सके
कार्यक्रम में डॉ. डीपी सिंह ने अपनी मधुर प्रस्तुति से समां बांध दिया और पत्रकार व चिकित्सक समुदाय के आपसी संबंधों को रेखांकित किया। समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी कुंवर वीरेंद्र सिंह, रक्तवीर शीर्षदीप, गायक राकेश कुमार और कार्यक्रम संचालक संजीव अरुण सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती की कामना की। कार्यक्रम का कुशल संचालन संजीव अरुण ने किया, जबकि अंत में जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंटू प्रधान, राजेश सिंह, सुधीर प्रधान, राजकुमार सिंह, विशाल चौरसिया, सुनील यादव, मोहन तिवारी, इकरार, आसिफ, कृपा शंकर सिंह, संजय सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, विनीत कुमार दुबे, पवन मिश्रा, अनिल उपाध्याय, शशिकांत तिवारी, मुकेश उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार सिंहासन सिंह यादव, फूलचंद सिंह समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





