पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले डॉ संजय सिंह
रिपोर्ट,सुनील गुप्ता
गाजीपुर,मऊ स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल के संस्थापक एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान (प्री-स्क्रीनिंग) और ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों के त्वरित एवं प्रभावी इलाज को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संवाद हुआ।
डॉ संजय सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यदि गंभीर मरीजों की पहले से स्क्रीनिंग व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तो आपात स्थिति में इलाज की प्रक्रिया और अधिक तेज़ हो सकती है, जिससे कई बहुमूल्य जानें बचाई जा सकती हैं। साथ ही ट्रामा सेंटर में आधुनिक सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और त्वरित निर्णय प्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ एकिका सिंह ने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उठाए गए सख्त और प्रभावी कदमों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की नीतियों और कार्यवाही से प्रदेश में महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
भेंट के दौरान डॉ सुजीत सिंह एवं डॉ मधुलिका सिंह भी उपस्थित रहे। सभी चिकित्सकों ने एक स्वर में पूर्वांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विकास और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।





