एसपी इलेवन ने पत्रकार एकादश को हराया, मैत्री क्रिकेट मैच में दिखा खेल भावना का जज्बा
सुनील गुप्ता
गाजीपुर। जनपद के पुलिस लाइन ग्राउंड में 8 फरवरी को एसपी इलेवन और पत्रकार एकादश के बीच 20 ओवर का रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। टॉस जीतकर एसपी इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
एसपी इलेवन की ओर से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 33 गेंदों पर 57 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 2 आकर्षक छक्के शामिल रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने 20 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा अनंत कुमार ने 40 गेंदों पर 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल रहे।
पत्रकार एकादश की ओर से गेंदबाजी में अनुराग राय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम 116 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से गौरव राय ने 33 गेंदों पर 45 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं इंद्र बहादुर सिंह ने 19 गेंदों पर 20 रन बनाते हुए 3 चौके लगाए।
एसपी इलेवन की ओर से गेंदबाजी में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने 2 ओवर में 12 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने 3.2 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 4 रन देकर 2 विकेट झटके।
मैच के समापन अवसर पर उपविजेता टीम पत्रकार एकादश के कप्तान अभिषेक कुमार सिंह और उपकप्तान सुनील सिंह को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि इस तरह के मैत्रीपूर्ण खेल आयोजन मानसिक तनाव को दूर करने के साथ-साथ आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में पत्रकार एकादश के कप्तान अभिषेक कुमार सिंह, उपकप्तान सुनील सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, रिजवान अंसारी, इकरार खान, आसिफ अंसारी, विनीत कुमार दुबे, अनुराग राय, प्रभाकर सिंह, रमेश कुमार, अजय कुमार, प्रदीप शर्मा, शैलेंद्र सिंह, आरिफ सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, एसडीएम संजय कुमार यादव, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, सीएफओ और पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





