स्व. रुकमणी देवी की छठी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों को कंबल वितरण
सुनील गुप्ता
गाजीपुर।पूज्य माँ स्वर्गीय रुकमणी देवी जी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम बरहपुर पंचायत भवन में गुरुवार सुबह 9 बजे कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन ग्राम प्रधान बरहपुर नंदगंज विजय कुमार सिंह ‘सब्लू’ के अथक प्रयास से संपन्न हुआ, जिसमें ग्राम सभा के समस्त जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत ललन बाबा जी के चित्र सहित मंच पर स्थापित पूज्य माँ स्व. रुकमणी देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर गांव के सम्मानित बुजुर्ग, माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने आयोजन को भव्य एवं दिव्य बनाने में सहयोग दिया, जिसके लिए ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह ने समस्त ग्राम सभा की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर विजय कुमार सिंह ने कहा कि पूज्य माँ द्वारा बताए गए नैतिक मार्ग, संस्कार एवं आदर्श सिद्धांत आज भी उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो जीवन पथ पर सदैव मार्गदर्शन करते रहते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से मिले आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सेवा कार्य हर वर्ष निरंतर और पहले से बेहतर रूप में आयोजित होता रहे, यही उनकी कामना है।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान ने समस्त ग्रामवासियों को धन्यवाद देते हुए सामाजिक एकता और सेवा भावना बनाए रखने का संदेश दिया।





