गाजीपुर: मनिहारी ब्लॉक के हंसराजपुर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी, सरकारी दर ₹925 के बजाय ₹1000–₹1100 रुपये वसूले जा रहे
गाजीपुर जनपद के तहसील क्षेत्र अंतर्गत मनिहारी ब्लॉक के हंसराजपुर व शादियाबाद क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी का गंभीर मामला सामने आ रहा है। आरोप है कि छोटे दुकानदारों, अवैध कारोबारियों तथा HP और इंडियन गैस से जुड़े कुछ गोदाम संचालकों द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत ₹925 को दरकिनार कर उपभोक्ताओं से ₹1000 से ₹1100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
केंद्र सरकार की मंशा है कि हर परिवार, विशेषकर महिलाओं को, स्वच्छ ईंधन के रूप में सस्ती और सुलभ रसोई गैस उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य से उज्ज्वला योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। लेकिन स्थानीय स्तर पर हो रही यह कालाबाजारी न सिर्फ आम जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है, बल्कि सरकारी योजनाओं को भी निष्प्रभावी बना रही है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि—
HP व इंडियन गैस के गोदामों से सिलेंडर उठाकर अवैध रूप से दुकानों पर बेचे जा रहे हैं
ग्राहकों को कोई वैध रसीद नहीं दी जाती, जिससे शिकायत भी नहीं हो पाती
गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मजबूरी में सरकारी दर से 75 से 175 रुपये अधिक चुकाने पड़ रहे हैं
पूरे प्रकरण में प्रशासनिक व आपूर्ति विभाग की निगरानी नदारद नजर आ रही है
महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और राहत के नाम पर चलाई जा रही सरकारी योजनाओं के बावजूद कालाबाजारी करने वाले बेखौफ होकर खुलेआम लूट मचा रहे हैं। इससे न केवल उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है, बल्कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब जिला प्रशासन, आपूर्ति विभाग और पुलिस प्रशासन इस संगठित कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करेगा? क्या दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी, या फिर उपभोक्ताओं को इसी तरह लुटने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?





