गाजीपुर: बिरनो पुलिस की मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गोतस्कर घायल, दो जिंदा गोवंश व अवैध तमंचा बरामद
गाजीपुर। थाना बिरनो पुलिस टीम ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीती 15/16 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि को मुठभेड़ के दौरान एक अंतर्जनपदीय गोतस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य अभियुक्त को हिरासत में लिया गया। मौके से दो जिंदा गोवंश, एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की चारपहिया वाहन अर्टिगा बरामद की गई। जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक रामप्रवेश यादव मय टीम थाना बिरनो द्वारा रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग भवरहां नहर के पास की जा रही थी। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आती एक संदिग्ध चारपहिया वाहन दिखाई दी, जिसके दोनों साइड शीशों पर कपड़ा लगा हुआ था। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर चालक वाहन की स्पीड बढ़ा दी। इसकी सूचना तत्काल थानाध्यक्ष बिरनो को दी गई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एनएचएआई प्लांट के पास संदिग्ध वाहन को चारों ओर से घेर लिया।
अपने आप को घिरा देख वाहन सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य अभियुक्त को मौके से हिरासत में लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य अभियुक्त फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।


वाहन की तलाशी लेने पर वध के लिए क्रूरतापूर्वक बांधे गए दो जिंदा गोवंश बरामद हुए। घायल अभियुक्त को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया। घटना के संबंध में थाना बिरनो पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घायल एवं गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इमरान उर्फ भोदू पुत्र इरशाद निवासी नोनहरा थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्यवाही में थानाध्यक्ष बिरनो अजय कुमार तथा उप निरीक्षक रामप्रवेश यादव हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी , हेड कांस्टेबल प्रभात तिवारी पुलिस टीम थाना बिरनो मौजूद थे





