साइबर फ्रॉड पर सख्त प्रहार: कासिमाबाद में CO अनुभव राजर्षि ने चलाया बैंक चेकिंग व जागरूकता अभियान
सुनील गुप्ता
जनपद गाजीपुर में बढ़ते अपराध और साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज कासिमाबाद क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी (CO) अनुभव राजर्षि के नेतृत्व में विशेष बैंक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था, लेन-देन की प्रक्रिया और आम जनता की सतर्कता का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी ने बैंक अधिकारियों व ग्राहकों से संवाद करते हुए साइबर अपराध के नए-नए तरीकों की जानकारी दी और उनसे सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने लोगों को स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, ATM पिन, बैंक डिटेल या लिंक किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें, चाहे वह खुद को बैंक कर्मचारी या अधिकारी ही क्यों न बता रहा हो।

CO अनुभव राजर्षि ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड या ऑनलाइन ठगी की कोई भी घटना घटती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और नुकसान को रोका जा सके साथ ही कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।





