पुलिस की दबंग कार्रवाई : हाईवे पर घमासान मुठभेड़, तीन तस्करों के पैरों में लगी गोली, अंतरजनपदीय गिरोह ध्वस्त — 6 गिरफ्तार, अवैध हथियार व 6 गोवंश बरामद
गाजीपुर, सुनील गुप्ता : गौ-तस्करी पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए बिरनो पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गाजीपुर में अपराध कर के बच निकलना अब नामुमकिन है। सोमवार देर रात थानाध्यक्ष बिरनो बालेंद्र कुमार की सूझबूझ व तेज़ी से की गई कार्रवाई ने पूरे हाईवे पर दहशत मचा दी। बिरनो पुलिस की सतर्कता से स्वाट टीम और जंगीपुर पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और अंतरजनपदीय गौ-तस्कर गिरोह के छह शातिरों को फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों को पैर में गोली लगी। घटना ग्रीनफील्ड रमदोपुर मोड़ से शुरू होकर देवकठिया मोड़ तक हाईवे पर एक्शन-सीन की तरह चली। देर रात बिरनो पुलिस गश्त पर थी, तभी हाईवे पर संदिग्ध पिकअप और स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में जंगीपुर की तरफ दौड़ती दिखीं। शक होने पर थानाध्यक्ष बिरनो ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने इंजन गरजाया और फरार होने लगे। तुरंत वायरलेस पर संदेश गया और जंगीपुर पुलिस व स्वाट टीम सक्रिय हो गई।रसूलाबाद के पास ताबड़तोड़ घेराबंदी हुई तो बदमाश बदहवास होकर पुलिस पर गोलियां चलाने लगे। बिरनो पुलिस की घेराबंदी से बौखलाए तस्कर स्कॉर्पियो और पिकअप मोड़कर फिर बिरनो दिशा की ओर भागे। बावजूद इसके देवकठिया मोड़ पर उन्हें चारों ओर से घेर लिया गया।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की तो तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे वहीं ढेर हो गए। बाकी तस्कर भी भागने का रास्ता न पाकर दबोच लिए गए। पकड़े गए बदमाश लंबे समय से कई जिलों में गोवंश तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं। बिरनो पुलिस की रणनीति और तत्परता से यह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक पिकअप और छह राशि गोवंश को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है।घायल बदमाशों को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं जंगीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की परत दर परत जांच शुरू कर दी गई है।
बिरनो पुलिस की सूझबूझ साबित हुई ’गेमचेंजर’
स्थानीय लोगों ने भी बिरनो पुलिस की चौकसी की सराहना करते हुए कहा कि उनके कारण ही बड़ी वारदात टल गई और गौवंश की जान बची। थाना बिरनो ने पहले भी कई बार तस्करी पर करारी चोट की है और इस कार्रवाई ने फिर दिखा दिया कि हाईवे की सुरक्षा उनके हाथों में सुरक्षित है।
इन्हें किया गया गिरफ्तार/घायल
1- मो. सुहेल खान, शेरघाटी, गया, बिहार (घायल) 2- शशिकांत राणा, चिलबीली, चंदौली (घायल) 3- रंजीत कुमार, कोल्हनामऊ, जौनपुर (घायल) 4- युवराज कुमार, कोल्हनामऊ, जौनपुर 5- अजीत यादव, लख्नोडीह, प्रतापगढ़ 6- सर्वेश यादव, लख्नोडीह, प्रतापगढ़
पुलिस की बरामदगी
03 अवैध तमंचा .315 बोर, 02 जिंदा व 03 खोखा कारतूस, 01 पिकअप, 01 स्कॉर्पियो, कुल 06 राशि गोवंश
लोहा लेने वाली पुलिस टीम
स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा, थानाध्यक्ष बिरनो बालेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष जंगीपुर अतुल मिश्रा व उनकी टीमें






