क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने छात्रों को किया संबोधित, कहा—नए भारत के कानून महिला सुरक्षा के लिए मील का पत्थर
बलदेव श्रीधर पीजी कॉलेज बिरनो में मिशन शक्ति अभियान के तहत हुआ जागरूकता कार्यक्रम
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर। बिरनो क्षेत्र के बलदेव श्रीधर पीजी कॉलेज में शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान एवं नए भारत के नए कानूनों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी (सीओ) शुभम वर्मा तथा थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्राचार्य द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना जगाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि “अब भारत नए कानूनों के साथ आगे बढ़ रहा है, जहां महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध पर नियंत्रण और न्याय प्रक्रिया को और मजबूत किया गया है।”सीओ शुभम वर्मा ने छात्रों से आह्वान किया कि वे कानून की जानकारी रखें, समाज में जागरूकता फैलाएं और किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य डर पैदा करना नहीं, बल्कि लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि पुलिस अब संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मिशन शक्ति के तहत महिलाओं का सम्मान और सहयोग करना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से कई सवाल पूछे जिनका जवाब क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बड़े ही सरल और प्रेरणादायक ढंग से दिया।कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के प्राध्यापकों द्वारा किया गया। अंत में प्राचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जागृत करते हैं।





