राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष को किया नमन, थाना बिरनो में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को थाना बिरनो में थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ (Run for Unity) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करने से हुई।
थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने इस अवसर पर कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देशवासियों में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
माल्यार्पण के बाद थाना परिसर से ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में पुलिसकर्मियों, स्कूली छात्रों, बीट पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने “एक भारत–श्रेष्ठ भारत”, “देश की एकता हमारी शक्ति” जैसे नारे लगाते हुए पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह दौड़ लोगों में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को और प्रबल करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है, जिन्होंने देश की आज़ादी के बाद रियासतों के एकीकरण से भारत की एकता की नींव रखी।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी सहित स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। अंत में थानाध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।





