यूनिक मेडिकल स्टोर और संचालकों पर गंभीर आरोप, सामाजिक कार्यकर्ता ने उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई
मुहम्मदाबाद/गाज़ीपुर।
वसीम रजा
नगर के सामाजिक कार्यकर्ता जियाउद्दीन अहमद ने मुहम्मदाबाद में स्थित यूनिक मेडिकल स्टोर और यूनिक मेडिकल एजेंसी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से जांच व कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जियाउद्दीन ने बताया कि उक्त दोनों औषधि दुकानों द्वारा मानक विहीन, कम गुणवत्ता वाली, प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की मिलीभगत से फर्जी और मुनाफाखोर दवा व्यापार चलाया जा रहा है, जिससे गरीब और सामान्य जनता के स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है।
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि यूनिक मेडिकल स्टोर कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध रूप से संचालित हो रहा है, जो कानूनन अस्वीकार्य है। इसके अतिरिक्त, डॉक्टरों द्वारा लिखी गई पर्चियों में दवाएं जानबूझकर बदली जाती हैं ताकि दुकानदार अधिक मुनाफा कमा सकें। यहां तक कि एक्सपायरी और घटिया दवाएं भी लोगों को थमा दी जाती हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और औषधि विभाग के अधिकारियों को संबोधित एक जनहित प्रार्थना पत्र भेजते हुए निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से बात करते हुए जियाउद्दीन अहमद ने कहा कि, “यह जन स्वास्थ्य का विषय है, और मैं इसके लिए अंतिम सांस तक लड़ाई जा
री रखूंगा।”





