बरवा खुर्द में पंचायत भवन बना नुमाइश का केंद्र, लाखों की लागत के बावजूद अधूरा निर्माण, हादसे को दावत दे रहा ढांचा
जनपद गाजीपुर के मनिहारी ब्लॉक का मामला
गाजीपुर जनपद के मनिहारी ब्लॉक अंतर्गत बरवा खुर्द ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की लागत से बना पंचायत भवन आज “नुमाइश का केंद्र” बनकर रह गया है। वर्षों पहले पूर्व प्रधान नवरंगी देवी और उनके प्रतिनिधि शिवपूजन राजभर के कार्यकाल में इस भवन का निर्माण शुरू कराया गया था। निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और स्थिति यह हो चुकी है कि यह भवन अब किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है।
अधूरा भवन, पूरी हो चुकी भुगतान की फाइल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन के निर्माण पर लगभग 13,15,000 रुपये (तेरह लाख पंद्रह हजार) की धनराशि खर्च की जा चुकी है, जिसका भुगतान भी पूर्ण रूप से कर दिया गया है। लेकिन वास्तविकता यह है कि यह भवन आज भी अर्धनिर्मित स्थिति में है — ना दरवाजे हैं, ना खिड़कियां, और ना ही पक्की छत। दीवारें दरक चुकी हैं और छत की हालत जर्जर हो चुकी है, जिससे यह किसी भी समय गिर सकता है।
वर्तमान प्रधान की गुहार, प्रशासन बना मूकदर्शक

वर्तमान ग्राम प्रधान द्वारा इस विषय में कई बार खंड विकास अधिकारी (B.D.O.) मनिहारी को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की गई है। उन्होंने भवन की दुर्दशा को देखते हुए या तो इसका मरम्मत कार्य कराने या दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की यह उदासीनता ग्रामीणों के आक्रोश को बढ़ा रही है।
ग्रामीणों में रोष
स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह भवन कभी ग्राम सभा की बैठकें, जनसुनवाई, और सरकारी योजनाओं के संचालन का केंद्र बनना था। लेकिन आज इसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग उसके पास से गुजरने से भी डरते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जहां केंद्र और राज्य सरकारें गांवों के समुचित विकास की बातें करती हैं, वहीं इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार जमीनी स्तर पर विकास की पोल खोल देता है।
जनता की मांग
पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए।
निर्माण कार्य में हुई अनियमितता की जांच हो।
दोषी पूर्व प्रधान और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्राम पंचायत स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित हो।
यदि समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामवासी आंदोलन या धरना प्रदर्शन करने को भी बाध्य हो सकते हैं।





