बिहरा बाजार में त्योहारों को लेकर पुलिस ने किया पैदल गश्त, सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपी
सुनील गुप्ता
गाजीपुर (बिरनो): आगामी त्योहारों को लेकर गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहरा बाजार में पुलिस प्रशासन सतर्क दिखा। स्थानीय पुलिस द्वारा गुरुवार को बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर शांति व सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई।
बिरनो थाना प्रभारी बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह गश्त निकाली गई, जिसमें पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ बाजार व प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते नजर आए। गश्त के दौरान दुकानदारों, व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों को पुलिस ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की गई।

थाना प्रभारी बालेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तत्पर है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर बनी हुई है। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। त्योहारों के मद्देनज़र ऐसे कदमों से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ती है और सामाजिक सौहार्द भी बना रहता है।





