अंबेडकर जयंती से पहले जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने संभाली कमान
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने लंका स्थित अंबेडकर पार्क में की सफाई, 14 से 28 अप्रैल तक होंगे विविध आयोजन
गाजीपुर। भारत रत्न, संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में जनपद में भव्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले भर में अंबेडकर पार्कों व प्रतिमाओं की विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की गई।
रविवार को लंका स्थित अंबेडकर पार्क में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, परियोजना निदेशक राजेश यादव, एसडीएम मनोज पाठक, तहसीलदार राजीव यादव तथा नगर पालिका ईओ अमिता वरुण ने खुद मैदान में उतरकर सफाई अभियान का नेतृत्व किया। पार्क परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी तहसीलों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों व नगरीय निकायों में स्थित अंबेडकर पार्कों और प्रतिमाओं की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए और सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जाए।
अंबेडकर जयंती उत्सव के रूप में
स्वतंत्रता के अमृत काल में अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को जिले में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 14 से 28 अप्रैल तक जनपद में प्रार्थना सभाएं, गोष्ठियां, क्विज व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरी, महिला सशक्तिकरण व लैंगिक समानता जैसे विषयों पर सेमिनार आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





