सुनील गुप्ता
गाजीपुर: जिले में अचानक टोल टैक्स बढ़ने से वाहन चालक असमंजस में हैं। छोटे वाहनों की टोल फीस में 5 रुपये, जबकि बड़े वाहनों पर 20 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस फैसले से आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
बिरनो टोल प्लाजा पर जब हमारे संवाददाता ने स्थिति का जायजा लिया तो वाहन चालकों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वाहन खरीदते समय ही रोड टैक्स चुकाया जाता है, तो फिर बार-बार टोल टैक्स वसूलना उचित नहीं है। वाहन चालकों की मांग है कि टोल टैक्स को पूरी तरह समाप्त किया जाए या फिर इसे कम किया जाए।
बिना पूर्व सूचना के बढ़ा टोल टैक्स
बिरनो टोल प्लाजा के मैनेजर पुष्कर राज साहनी ने बताया कि उन्हें रात में मेल के जरिए टोल फीस वृद्धि की जानकारी मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी श्रेणियों के वाहनों पर 5 फीसदी की वृद्धि की गई है। हालांकि, फिलहाल टोल प्लाजा पर रेट लिस्ट का बोर्ड अपडेट नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही इसे सुधारने की बात कही जा रही है।
आम जनता पर बढ़ा बोझ
टोल टैक्स में वृद्धि से ट्रांसपोर्टरों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिसका असर जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। बिना किसी पूर्व सूचना के टोल टैक्स बढ़ाने से वाहन चालक और आम जनता में असंतोष व्याप्त है। सवाल यह उठता है कि आखिर बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की वृद्धि करना कितना उचित है? प्रशासन को इस मामले में पारदर्शिता बरतनी चाहिए ताकि जनता को समय रहते जानकारी मिल सके।





