सुनील गुप्ता
गाजीपुर (मरदह) – विकासखंड मरदह के ग्राम सभा बौरी में ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से फर्जी भुगतान का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान द्वारा वेंडरों से सामान लेने के बाद भुगतान अपने ही या सहयोगी के फर्म के जरिए कराया जा रहा है, जिससे वास्तविक वेंडर भुगतान के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ विकास कार्य तो केवल कागजों पर ही पूरे दिखाए जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। ग्राम प्रधान और सचिव मिलकर सरकारी धन का मनमाना इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
इस मामले में जब जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) अंशुल मौर्य से बात की गई तो उन्होंने कहा, “आपके माध्यम से यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। जल्द ही इस पर टीम गठित कर जांच कराई जाएगी।”
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस भ्रष्टाचार पर क्या कार्रवाई करता है और क्या वेंडरों को उनका बकाया भुगतान मिल पाएगा या नहीं।





