62 वर्ष की सेवा पूर्ण: CMS डॉ. राजेश सिंह ने भावपूर्ण ढंग से सौंपा प्रभार, अब चिकित्सक के रूप में देते रहेंगे अपनी सेव
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाज़ीपुर।जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में वर्षों तक अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता और मानवीय सेवा भावना से पहचान बनाने वाले मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. राजेश सिंह ने 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर शासनादेश के अनुरूप प्रशासनिक पद का प्रभार डॉ. के.एन. चौधरी को सौंप दिया। हालांकि प्रभार छोड़ने के बाद भी डॉ. राजेश सिंह बतौर चिकित्सक अपनी सेवाएं देते रहेंगे, जिससे मरीजों और आम जनता में संतोष की लहर है।
डॉ. राजेश सिंह जनवरी 2020 में जिला अस्पताल गाज़ीपुर में फिजिशियन के पद पर तैनात हुए थे। कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपनी सरलता, संवेदनशीलता और बेहतर इलाज के कारण मरीजों के बीच खास पहचान बनाई। इससे पूर्व में डिप्टी सीएमओ और एसीएमओ जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन भी सौंपा गया था जो काफी सराहनीय रहा।
अप्रैल 2021 में कोविड महामारी की दूसरी लहर के संकटपूर्ण समय में तत्कालीन जिलाधिकारी एमपी सिंह ने उन्हें जिला अस्पताल का मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद डॉ. सिंह ने उत्कृष्ट प्रबंधन करते हुए न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया, बल्कि मरीजों और स्टाफ दोनों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया। उनकी नेतृत्व क्षमता की व्यापक सराहना की गई।
इसके अलावा मई 2021 में शासन द्वारा उन्हें लगभग पाँच महीने के लिए प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया, जिसे उन्होंने अत्यंत दक्षता और समर्पण के साथ निभाया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल में डॉ. राजेश सिंह जनता में अत्यंत लोकप्रिय बने। मरीजों से संवाद, त्वरित निर्णय और पारदर्शिता उनकी कार्यशैली की पहचान रही।
शासनादेश के अनुसार 30 नवंबर 2025 को 62 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर उन्होंने प्रशासनिक प्रभार डॉ. के.एन. चौधरी को सौंप दिया। प्रभार हस्तांतरण के दौरान स्टाफ और डॉक्टरों ने उनके योगदान को याद कर भावुक पल साझा किए।
प्रशासनिक जिम्मेदारी छोड़ने के बावजूद डॉ. राजेश सिंह ने स्पष्ट किया कि वे मात्र प्रशासनिक पद से मुक्त हुए हैं, सेवा से नहीं। वे अपनी भूमिका बतौर चिकित्सक जारी रखेंगे और मरीजों का उपचार पहले की तरह करते रहेंगे।
गाजीपुर स्वास्थ्य विभाग के लिए डॉ. राजेश सिंह का कार्यकाल सदैव प्रेरणादायक माना जाएगा।





