साइबर सेल की सतर्कता से ठगी के 60 हजार रुपये वापस
गाजीपुर में यूपीआई फ्रॉड का शिकार हुआ युवक, साइबर हेल्पलाइन की मदद से मिला न्याय
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर: साइबर अपराधों पर नकेल कसने में गाजीपुर पुलिस लगातार सक्रिय है। ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल गाजीपुर को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
थाना नंदगंज क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट कुसुम्हीं कला निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र गुड्डू राम के साथ यूपीआई के माध्यम से 60 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई थी। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने समझदारी दिखाते हुए तुरन्त साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल गाजीपुर हरकत में आई। प्रभारी उ0नि0 शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी सर्विलांस और बैंकिंग प्रक्रियाओं के माध्यम से ट्रांजेक्शन को ट्रैक कर लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप 72 घंटे के भीतर ही समस्त धनराशि को होल्ड करा कर पीड़ित के खाते में 20 नवम्बर 2025 को वापस जमा करा दिया गया।
साइबर सेल की इस सफलता से पीड़ित परिवार में राहत की भावना है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड की हर छोटी-बड़ी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है, ताकि आमजन को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, यूपीआई रिक्वेस्ट या बैंकिंग जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतें। धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचित करें ताकि समय रहते धनराशि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





