मिशन शक्ति फेज-5: बद्दोपुर में महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान पर जागरूकता अभियान
सुनील गुप्ता, गाजीपुर।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सोमवार को थाना बिरनो क्षेत्र के ग्राम बद्दोपुर मंदिर/पंडाल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद शुभम वर्मा, सीओ अनुभव राजश्री, थानाध्यक्ष बिरनो बालेंद्र कुमार, उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, कांस्टेबल पवन चौहान, कांस्टेबल राजू वर्मा तथा महिला आरक्षी श्वेता और कविता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और ग्रामीण शामिल हुए।
अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—
1090 : वुमेन हेल्पलाइन
1098 : चाइल्ड केयर हेल्पलाइन
181 : घरेलू हिंसा हेल्पलाइन
1076 : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
112 : आपातकालीन हेल्पलाइन,
102/108 : एम्बुलेंस सेवा
अधिकारियों ने विस्तार से समझाया कि किन परिस्थितियों में कौन-सा नंबर डायल करना है और तुरंत सहायता कैसे मिल सकती है। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में शिकायत पेटिका के संचालन और महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाएं अपनी समस्या या शिकायत इसमें गोपनीय रूप से दर्ज कर सकती हैं। पेटिका को समय-समय पर जांचा जाएगा और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्यवाही होगी।क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न को छुपाने के बजाय तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन को सूचित करें। पुलिस प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है।”
सीओ ट्रेनी अनुभव राजश्री ने कहा कि मिशन शक्ति का लक्ष्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा देना है, बल्कि आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान से जीवन जीने के लिए जागरूक करना भी है
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से कहा गया कि वे सभी हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल में सेव रखें और किसी भी संकट की स्थिति में बिना देर किए उनका प्रयोग करें। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग से अपेक्षा की गई कि वे महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर संवेदनशील बने।






