बिरनो टोल प्लाजा के पास हुई हत्या कांड : फरार हत्यारोपी गिरफ्तार
सुनील गुप्ता
गाजीपुर। जिले के चर्चित बिरनो टोल प्लाजा के पास हुई हत्या कांड में फरार चल रहे आरोपी बृजभान यादव को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद यह गिरफ्तारी हुई है, जिससे मामले में एक अहम कड़ी जुड़ गई है।
कैसे हुआ था हमला?
9 अगस्त की सुबह नरवर निवासी अच्छे यादव उर्फ छोटन यादव अपने मित्र दीपक यादव के साथ मोटरसाइकिल से मऊ की ओर जा रहा था। तभी मिर्जापुर क्यामपुर टोल प्लाजा के पास पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमला इतना भीषण था कि अच्छे यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
इलाज के दौरान टूटी सांस
घायल अवस्था में परिजनों ने उसे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। करीब तीन हफ्ते तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 1 सितंबर को उसने अंतिम सांस ली। इस मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और घटना हत्या में तब्दील हो गई।
बृजभान पर क्यों थी नजर?
वारदात के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन बृजभान यादव निवासी नरवर थाना मरदह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी थी।
मुखबिर की सूचना और पुलिस की तत्परता से मिली सफलता
शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बृजभान यादव गुलालसराय मोड़ पर मौजूद है। सूचना मिलते ही भड़सर चौकी प्रभारी सुनील शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ वहां घेराबंदी की और उसे मौके से दबोच लिया।
पुलिस ने दी पुष्टि
बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या कांड में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले घटना में शामिल तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब पूरे मामले की विवेचना
तेजी से पूरी की जाएगी।





