गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के 300 बेड अस्पताल में नई विजिटर पॉलिसी लागू
महिला अस्पताल में मिली सफलता के बाद प्रशासन ने बढ़ाया दायरा, मरीजों और डॉक्टरों को मिलेगी सहूलियत
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर।
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मरीजों की सुविधा और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए नई विजिटर पॉलिसी का विस्तार कर दिया है। महिला अस्पताल में इस पॉलिसी को सफलता मिलने के बाद अब 19 सितंबर से गोराबाजार स्थित 300 बेड के अस्पताल में भी इसे लागू कर दिया गया है।
महिला अस्पताल में मिला सकारात्मक परिणाम
पिछले दिनों महिला अस्पताल में मरीजों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने और डॉक्टरों को अनुकूल वातावरण देने के उद्देश्य से यह पॉलिसी शुरू की गई थी। इस प्रयोग से सकारात्मक नतीजे सामने आए। मरीजों को आराम मिला और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को भी उपचार कार्य में सुविधा हुई। इसी अनुभव से उत्साहित होकर प्रशासन ने इसे बड़े अस्पताल तक लागू करने का निर्णय लिया।
मरीजों के लिए दो विजिटिंग पास
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने जानकारी दी कि भर्ती प्रत्येक मरीज के लिए अब दो विजिटिंग पास जारी किए जाएंगे। मरीज के पास हर समय केवल एक ही व्यक्ति रह सकेगा, जबकि निर्धारित विजिटिंग समय में अधिकतम तीन लोग मरीज से मिल सकेंगे।
संक्रमण फैलाने वाले व्यक्तियों पर रोक
संक्रमण से बचाव को प्राथमिकता देते हुए खांसी, सर्दी-जुकाम या किसी अन्य संक्रामक रोग से पीड़ित व्यक्ति को मरीज से मिलने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, मरीज की गोपनीयता बनाए रखने के लिए अस्पताल परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
बाहर से खाने-पीने की चीजें लाने पर पाबंदी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की अनुमति के बिना किसी प्रकार का फल, दूध, खाना या अन्य खाद्य सामग्री मरीजों में बांटना सख्ती से वर्जित रहेगा। इसका उद्देश्य मरीजों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
अनुशासन और बेहतर इलाज की दिशा में कदम
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इस पॉलिसी से मरीजों को बेहतर देखभाल और डॉक्टरों को निर्बाध कार्य वातावरण मिलेगा। साथ ही, अस्पताल परिसर में अनुशासनहीनता और अनावश्यक भीड़ पर भी प्रभावी रोक लगेगी।





