जिला अस्पताल में गरीब टीबी मरीजों को मिली ‘पोषण पोटली’
गाजीपुर, सुनील गुप्ता,जिला अस्पताल गाजीपुर में गुरुवार 11 सितम्बर 2025 को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने गरीब तपेदिक (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि तपेदिक जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए उचित पोषण बेहद जरूरी है। दवाइयों के साथ-साथ पौष्टिक आहार शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और मरीज को जल्दी स्वस्थ होने में मदद करता है। सरकार की ओर से चलाई जा रही इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक मरीज को नियमित अंतराल पर पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाती है। इसमें दाल, चावल, आटा, तेल, दुध पाउडर, दलहन समेत कई आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल रहती है।
उन्होंने बताया कि गरीब और वंचित वर्ग के मरीजों के लिए यह पहल किसी संजीवनी से कम नहीं है। जिला अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इलाज के साथ-साथ मरीजों के पोषण का भी ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक, नर्सें और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मरीजों और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा क्षय रोग उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





